Showing posts with label sentiments. Show all posts
Showing posts with label sentiments. Show all posts

Sunday, 18 January 2015

सुई और भाला


सुई और भाला



उसने भोंका भाला,
सह्य था,
सह गया,
मैंने हँस कर टाला।
उससे मुझे इसी की थी आशा।
फिर क्यों करता तमाशा?
उसकी प्रतिशोधी भाले की धार,
न सकी मुझे मार,
मैं फूलता-फलता गया,
न रुका,
न झुका,
बस, अपनी राह  चलता गया।


मगर तुमने-
भाला नहीं,
एक छोटी सी सुई चुभोई,
असह्य पीड़ा हुई,
आत्मा रोई।
सारा शरीर निढाल हो गया,
जैसे सब कुछ जाता रहा,
बुरा हाल हो गया।


दुश्मन का भाला
जख्मी तो कर गया,
पर दुश्मनी का कर्ज उतर गया।
पर तुम्हारी सुई,
अत्यंत घातक साबित हुई,
रोम-रोम जल उठा,
दिल-दिमाग गल उठा,
आँखें सूनी हो गईं,
भावनाएं खो गईं,
दोनों होठ सिल गए,
और तुम -
पास से  छिटक कर
दूर निकल गए।








Saturday, 22 June 2013

मेरे प्रिय मित्र!






मित्र


मेरे प्रिय मित्र!
प्यार का आधा अधूरा चित्र,
तुम्हारी तरह-
मैंने भी बनाया था,
और जीवन की दीवाल पर
सजाने के बजाय,
उसे उसके अन्दर चिनाया था.
फर्क सिर्फ इतना रह गया,
कि ऎसी दीवालें जोड़ जोड़ कर-
तुमने जहाँ महल बना लिया,
वहीँ मैं
उस चिनी हुई दीवाल के साथ,
पूरी तरह ध्वस्त हो गया,
ढह गया.

तुम्हारी निर्लिप्तता
तुम्हारी शक्ति बन गई,
शान बन गई,
वहीं मेरी घायल भावुकता
लहूलुहान बन गई,
निर्जीब आहों के बसेरे के लिए
सूनसान कब्रिस्तान बन गई.



यदुराज सिंह बैस